Tuesday, May 19, 2020

फ़िल्म #Yehsaalizindagi की समीक्षा

फ़िल्म #Yehsaalizindagi  की समीक्षा (यादों में इरफ़ान सीरीज...15) 

आज (19/05/2020) यादों में इरफ़ान सीरीज के तहत 2011 में रिलीज हुई इरफ़ान, चित्रांगदा, अरुणोदय सिंह और अदिति राव हैदरी अभिनीत एवं सुधीर मिश्रा द्वारा निर्देशित #Yehsaalizindagi फ़िल्म देखी। फ़िल्म बॉक्स ऑफिस पर ठीक ठाक चली। ये फ़िल्म उस आशिक़ अरुण (इरफ़ान खान) की कहानी है जो ये जानता है कि प्रीति (चित्रांगदा) किसी और के इश्क़ में है फिर भी उससे दूर नहीं जा पाता। प्रीति के इश्क़ में गिरफ्तार अरुण उसकी वजह से बड़ी मुसीबत में फंस जाता है, ज़िन्दगी और मौत के बीच खड़ा होता है, अपना करियर और प्रतिष्ठा सब दांव पर लगा देता है, मेहता,होम मिनिस्टर और गैंगस्टर सबसे दुश्मनी मोल लेता है सिर्फ उस लड़की की खातिर जो उससे मोहब्बत भी नहीं करती और जो सिर्फ उसका इस्तेमाल कर रही है अपने आशिक को बचाने के लिए। पर इसी क्रम में प्रीति को एहसास होता है उसके लिए अरुण की सच्ची मोहब्बत का और टूटता है भ्रम श्याम को लेकर जिसे गैंगस्टर्स से बचाने के लिए वो अपनी और अरुण की ज़िन्दगी दांव पर लगा देती है और श्याम उसे वहां छोड़ अकेला ही फरार हो जाता है पर पकड़ा जाता है। कई बार हम भ्रमवश किसी और को अपना माने बैठे रहते हैं और उसके प्रभाव की पट्टी हमारी आंखों पर इस कदर पड़ी होती है की उसके आगे कुछ और दिखाती और सुनाई ही नहीं देता। उसके खिलाफ़ बोले गए एक भी अल्फ़ाज़ बर्दाश्त नहीं होते और उसकी खातिर हम कई बार अपनों से भी दूर हो जाते हैं और जब तक होश में आते हैं तब तक बहुत देर हो चुकी होती है और ज़िन्दगी सब कुछ सुधारने और खुद को संभालने का दूसरा चांस भी नहीं देती पर ये फ़िल्म थी इसलिए प्रीति को अरुण की सच्ची मोहब्बत का एहसास हो जाता है अंततः वो अरुण के पास आ जाती है। 
फ़िल्म में एक और कहानी पैरलल में चलती रहती है गैंगस्टर्स की कहानी जिसमें पहले तो मिनिस्टर वर्मा बड़े (यशपाल शर्मा) को शह देते है खुलेआम गुंडागर्दी करने के लिए पर जब होम मिनिस्टर बन जाते हैं और अपनी इमेज के लिए बड़े खतरा जान पड़ता है तो उसे लॉकअप में बंद करवाकर ढेरों प्रताड़ना दिलवाते हैं। लॉकअप में ही कुलदीप (अरुणोदय सिंह ) भी बंद होता है जो बड़े के लिए काम करता है और उसकी रिहाई होने वाली होती है। बड़े कुलदीप से उसे जेल से बाहर निकालने के लिए कहता है। कुलदीप बड़े को होने मिनिस्टर वर्मा से जेल से बाहर निकलवाने के लिए उसके होने वाले दामाद श्याम को अगवा कर लेता है और श्याम के साथ ही प्रीति भी होती है। अब मिनिस्टर को ये पता चलता है कि उसका होने वाला दामाद उसकी बेटी अंजलि से प्रेम करने के बजाए किसी और लड़की के चक्कर में है तो वो उसे गैंगस्टर्स से छुड़वाने के लिए इनकार कर देता है पर तभी अरुण (इरफ़ान खान) जो पेशे से चार्टर्ड एकाउंटेंट होता है मिनिस्टर के बेटे के अकाउंट में दो नंबर का पैसा ट्रांसफर कर और उसके सारे गैर कानूनी धंधे की पोल खोलने की धमकी देकर मिनिस्टर को प्रीति की मदद करने के लिए बोलता है और खुद भी प्रीति के कहने पर उसकी मदद के लिए अपनी जान जोखिम में डाल कर उसके पास पहुंचता है ये सब जानते हुए भी कि प्रीति किसी और को चाहती है। 
एक आशिक़ के किरदार को इरफ़ान ने बख़ूबी निभाया है। चित्रांगदा, अरुणोदय सिंह की ऐक्टिंग भी इस फ़िल्म में आपको अच्छी लगेगी। बड़े के किरदार में यशपाल शर्मा अपने अभिनय की ओर हमारा ध्यान आकर्षित करते हैं। फ़िल्म का टाइटल ट्रैक यूथ को आकर्षित करने वाला है। फ़िल्म का प्लॉट दिलचस्प है। इरफ़ान के क़िस्सा गो की तरह बीच बीच में अपने दिल की बात कहने का अंदाज़ अच्छा लगता है।

Sunday, May 17, 2020

फिल्म #Apnaasmaan की समीक्षा

फ़िल्म #Apnaasmaan की समीक्षा (यादों में इरफ़ान सीरीज...14) 

कल रात (16/05/2020) #Sensiblecinema  और यादों में इरफ़ान सीरीज के तहत इरफ़ान खान अभिनीत #Apnaasmaan फ़िल्म देखी। फ़िल्म का निर्देशन किया है कौशिक रॉय ने जो जाने माने फ़िल्म निर्देशक बिमल रॉय जिन्होंने दो बीघा ज़मीन, परिणिता, बंदिनी जैसी फिल्में बनाई उनके भतीजे हैं। ये फ़िल्म 2007 में रिलीज़ हुई थी। फ़िल्म का प्लॉट बड़ा ही मार्मिक और संवेदनशील है। फ़िल्म का प्लॉट ये है कि जो चीज़ें जैसी हैं जब हम उन्हें उसी रूप में जब स्वीकार नहीं कर पाते और किसी चमत्कार की उम्मीद लिए ऐसा रास्ता अख्तियार कर लेते हैं जो अप्राकृतिक है तो स्थितियां बेहतर होने के बजाए बत्तर होती चली जाती हैं। ये सच है कि डिफरेंटली एबल्ड बच्चों की परवरिश करना बेहद कठिन होता है और हर माता पिता ये चाहते हैं कि उनका बच्चा भी नॉर्मल बच्चों की तरह ज़िन्दगी जी सके, उनके साथ मिक्स अप हो सके और इसके लिए वो कोई भी क़ीमत अदा करने को तैयार रहते हैं। इसमें गलती सिर्फ उन मां बापों की ही नहीं है बल्कि उनसे ज़्यादा ज़िम्मेदार हमारा समाज है जो ऐसे बच्चों के साथ एडजस्ट करके चलने के बजाय उनका मज़ाक उड़ाया करता है जिसकी वजह से उन बच्चों के साथ साथ उनके घर वालों के चेहरे से भी मुस्कान गायब हो जाती है। ये फ़िल्म हमें यह भी सोचने के लिए मजबूर करती है कि आखिर अपने बच्चे को औरों के बच्चों से बेहतर या जीनियस साबित करने के लिए हम किस हद तक जा सकते हैं, इस गला काट प्रतिस्पर्धा की होड़ में हम कहीं उनके भीतर छुपी प्रतिभा को नजरअंदाज कर उनके नन्हे कंधों पर अपने सपनों का बोझ तो नहीं लाद रहे? हमें दो घड़ी रुककर से सोचना होगा कि हम अपने बच्चों को एक बेहतर इंसान बनाना चाहते हैं या एक संवेदनहीन मशीन। हर फ़िल्म कहीं ना कहीं कहानीकार से प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से जुड़ी होती है और फिल्मकार उस कहानी के माध्यम से ख़ुद के या उससे जुड़े अनुभव को ही फ़िल्म के रूप में हम दर्शकों के साथ साझा कर रहा होता है। इस फ़िल्म की कहानी भी काफी हद तक इस फ़िल्म के निर्देशक कौशिक रॉय की अपनी ज़िन्दगी से जुड़ी हुई है। 

फ़िल्म की कहानी कुछ यूं है कि रवि कुमार (इरफ़ान खान) नाम का एक सेल्समैन होता है जो एक प्लास्टिक कंपनी में काम करता है उसका तेरह चौदह वर्षीय बेटा बुद्धिराज (ध्रुव पियूष पंजवानी) थोड़ा ऑटिस्टिक होता है यानि दूसरे बच्चों के मुकाबले थोड़ा स्लो लरनर होता है जिसकी वजह से उसकी बीवी पद्मिनी (शोबना) हमेशा उदास सी रहती है। बुद्धि जब छोटा था तो ऊपर की ओर उछालकर खिलाने के कारण वो रवि के हाथ से नीचे गिर गया था इसकी वजह से पद्मिनी को लगता है बुद्धि की ऐसी हालत का ज़िम्मेदार खुद रवि है जबकि कई डॉक्टर्स ने ये बताया था कि वो पैदाइशी ऑटिस्टिक है, पर कहते हैं ना एक बार दिल में कोई बात घर कर जाए तो उसे निकालना इतना आसान नहीं होता। रवि को लगता है बुद्धि की वजह से उसे पद्मिनी का प्यार नहीं मिल रहा। एक दिन रवि एक डॉक्टर सत्या के ब्रेन बूस्टर के बारे में सुनता है साथ ही समाचार चैनलों और पत्रों से उसे ये भी पता चलता है कि डॉक्टर सत्या (अनुपम खेर) एक फ्रॉड डॉक्टर है और पुलिस उसे ढूंढ़ रही है लेकिन फिर भी वो डॉक्टर सत्या के पास अपने बेटे के लिए ब्रेन बूस्टर लेने जाता है। वो डॉक्टर से कहता है उसके ब्रेन बूस्टर को इंसानों पर टेस्ट करने के लिए उसके पास एक ह्यूमन वॉलंटियर है पर एक पिता होने के नाते वो चिंता भरे स्वर में डॉक्टर से ये भी पूछता है कि उसका कोई साइड इफेक्ट तो नहीं होगा उसके बच्चे पर। डॉक्टर सत्या रवि कुमार से कहते हैं इस दुनियां में हर किसी को किसी से कुछ चाहिए मसलन तुम्हे अपनी पत्नी का प्यार वापस चाहिए, तुम्हारी पत्नी को उसका बेटा जीनियस चाहिए, बुद्धि को उसकी मां का साथ चाहिए और मुझे तुमसे अपने ब्रेन बूस्टर को टेस्ट करने के लिए एक हमें वॉलंटियर चाहिए। उस बूस्टर के लगाते ही पहले तो बुद्धि को फिट्स आते हैं पर फिर वो नॉर्मल बच्चों की तरह हो जाता है और कैलकुलेटर की तरह गणित के जटिल से जटल सवाल हल कर लेता है पर उस बूस्टर का साइड इफेक्ट ये होता है कि वो अपने माता पिता को ही नहीं पहचान पाता साथ ही उसके भीतर की सारी संवेदनाएं ही ख़तम हो जाती हैं। बुद्धि एक गुस्सैल और बिगड़ैल इंसान की तरह हरकतें करने लगता है, बड़ों से बेरुखी से पेश आता है ये सब देखकर उसके माता पिता को बहुत तकलीफ़ होती है और अपने पुराने बुद्धि को बहुत मिस करते हैं। वो डॉक्टर सत्या की तलाश में हैं ताकि उस ब्रेन बूस्टर का एंटीडोट वो बुद्धि को दे सकें और उन्हें उनका बुद्धि वापस मिल जाए। 
फिल्म का संगीत बहुत ही अच्छा है खासकर वो गीत "दाना मिले माटी से तो पेड़ बन जाए"। अनुपम खेर एक मंजे हुए कलाकार हैं, डॉक्टर सत्या के किरदार को बखूबी निभाया है, डॉक्टर सेन के किरदार को रजत कपूर ने भी बड़ी ही संजीदगी से निभाया। पद्मिनी के किरदार में शोबना का अभिनय भी प्रभावशाली है और इरफान के तो क्या कहने। वो हर किरदार के सांचे में ढल जाते हैं। इस फ़िल्म में उनकी स्माइल नोटिस करने लायक है और वो बेचैनी भी जब ब्रेन बूस्टर देते ही बुद्धि के हांथ पांव ठंडे पड़ने लगते हैं। पत्नि के प्रेम से महरूम होने के फ्रस्ट्रेशन को भी इरफ़ान ने अपने अभिनय के ज़रिए बख़ूबी दिखाया है। वो सही मायने में एक कलाकार थे, ऐसे कलाकार जिसका अभिनय सीधे दिल को छूता हो जो हमें अपना सा मालूम होता हो। एक दृश्य में वो अपने एक साथी सेल्समैन को एमबीए की परिभाषा बताते हैं: मेडियोकर बट एरोगेंट। उनका एक डायलॉग है कि आजकल की जेनरेशन को सब कुछ फास्ट फास्ट चाहिए बिल्कुल फास्ट मूविंग कंज्यूमर गुड्स की तरह जो इंस्टेंट बन जाए। नौकरी, छोकरी, तरक्की सब कुछ इंस्टेंट, ये डायलॉग बड़ा ही मौजू है। वो अपने उस साथी से पूछता है कि जिस लड़की से उसकी शादी होने वाली है क्या उसने उस लड़की के साथ कुंडली मिल वाली। अपने तज़ुर्बे से रवि कहता है भाई लड़का लड़की की कुंडली मिले ना मिले पर सास बहू की कुंडली मिलना बहुत ज़रूरी है वरना लड़का बेचारा चक्की की तरह दोनों के बीच पिस्ता रहता है। फ़िल्म की कहानी बहुत अच्छी है इस फिल्म को  सभी पैरेंट्स को देखना चाहिए। फ़िल्म यू पी पर उपलब्ध है।

Friday, May 15, 2020

फ़िल्म #LifeofPi की समीक्षा

फ़िल्म #Lifeofpi की समीक्षा ( यादों में इरफ़ान सीरीज...13)

आज (15/05/2020) यादों में इरफ़ान सीरीज के तहत इरफ़ान खान की एक और उम्दा फ़िल्म देखी #Lifeofpi   जो 2012 में रिलीज हुई थी, इसे निर्देशित किया है ताइवान के फ़िल्म मेकर अंग ली ने। इस फिल्म ने चार एकेडमी यानि ऑस्कर अवॉर्ड जीते  हैं और विश्व सिनेमा जगत में भी इस फ़िल्म को भरपूर सराहा गया। ये एडवेंचर ड्रामा फ़िल्म यान्न मर्टेल के उपन्यास #LifeofPi पर आधारित है। फ़िल्म में सोलह वर्षीय पाई का किरदार निभाया है सूरज शर्मा ने और बड़े पाई पटेल के किरदार में हैं इरफ़ान खान जो एक उपन्यासकार को अपनी आप बीती सुनाते हैं। ये कहानी है तूफ़ानी मौत को मात देकर उम्मीद की लाइफ सेविंग बोट के सहारे ज़िन्दगी के दामन को पुनः थामने की। कहानी में फ़्लैश बैक तकनीक का बेहद खूबसूरती से इस्तेमाल किया गया है। 

फ़िल्म की कहानी कुछ यूं है कि एक नया उपन्यासकार कनाडा में पाई पटेल से उनके सर्वाइवल की कहानी सुनने आता है और इस तरह फ़िल्म फ़्लैश बैक में ले जाती है जहां पांडिचेरी में एक तमिल हिन्दू परिवार होता है जिसमें पाई की परवरिश उसके बड़े भाई रवि के साथ होती है। परिवार में कुल जमा चार लोग है माता पिता और दो भाई और इस परिवार का एक ज़ू है जिसके एक बंगाल टाइगर रिचर्ड पार्कर जी हां सही सुना आपने टाइगर का ही नाम है रिचर्ड पार्कर, से पाई को बड़ी मोहब्बत होती है। पाई की ज़िन्दगी की ही तरह उसके नामकरण की कहानी भी बड़ी दिलचस्प है। पाई के पिता ने पाई का नाम एक फ्रेंच स्विमिंग पूल के नाम पर पिसिं मोलिटर पटेल रखा था पर सभी उसे पिसिंग पिसिंग कहकर चिढ़ाते थे इसलिए उसने अपना नाम बदलकर पाई पटेल रख लिया था। एक दिन पाई के पिता तय करते हैं कि वो अपने बच्चों के सुनहरे भविष्य की खातिर पांडिचेरी छोड़कर कनाडा सेटेल हो जाएंगे और वहीं अपने जू के जानवरों को किसी को बेंच देंगे। प्लान के मुताबिक वो एक जैपनीज शिप से कनाडा के लिए रवाना होते हैं पर उन्हें क्या पता था कि कुदरत ने उनके लिए कुछ और प्लैनिंग कर रखी थी। समुद्र में भीषण तूफान आता है जिसमें पूरा का पूरा जहाज डूब जाता है और सभी मारे जाते हैं सिवाय पाई पटेल और रिचर्ड पार्कर (टाइगर) के। पाई किस तरह खुद को और रिचर्ड को समुद्र की लहरों के थपेड़े खाते हुए बचाता है साथ ही एक और समुद्री तूफान का सामना करता है उसे इस फ़िल्म के ज़रिए बड़े ही प्रभावी ढंग से बताया गया है। फ़िल्म के अंडर वाटर शॉट्स देखकर आंखें खुली की खुली रह जाती हैं। पाई को एक तरफ समुद्र की तीव्र लहरों से ख़तरा है तो दूसरी ओर रिचर्ड पार्कर से क्यूंकि वो टाइगर जो ठहरा, कभी भी पाई पर हमला कर उसे अपना शिकार बना सकता था। पाई के एक तरफ कुआं था तो दूसरी तरफ खाई। लाइफ सेविंग बोट पर पाई मौत के साथ सफ़र कर रहा था लेकिन धीरे धीरे पाई का डर खत्म होता जाता है वो रिचर्ड पार्कर को बचाने के लिए फिशिंग करता है, उसे पानी पिलाता है, उसके साथ संवाद स्थापित करने की कोशिश करता है। दूर दूर तक सिर्फ पानी ही पानी के अलावा पाई को कुछ भी नजर नहीं आता पर ऐसी मुश्किल घड़ी में पिता की दी गई हिदायतें पाई के बहुत काम आती हैं और वो निराशा की धूल झाड़ते हुए अगले ही पल पुनः ऊर्जा और आशा से लबरेज़ नज़र आने लगता है। उस एकांत में सिर्फ रिचर्ड पार्कर ही पाई के साथ नज़र आता है और शायद उस साथ के सहारे ही पाई मैक्सिकन समुद्र तट तक पहुंच पाता है। समुद्र तट तक आते आते पाई की हिम्मत जवाब दे जाती है और वो बेहोश होने लगता है और रिचर्ड पार्कर  बोट से उतरकर सामने के जंगलों में कहीं गुम हो जाता है। रिचर्ड के इस तरह पाई को छोड़कर जाने से पाई उसके लिए बहुत रोता है पर शायद उन दोनों का साथ यहीं तक था। पाई को इंसानों की दुनियां में लौट जाना था तो रिचर्ड पार्कर को अपनी दुनियां में। जब पाई ने जैपनीज बीमा कम्पनी के लोगों को अपनी कहानी बताई तो उन्हें यकीन नहीं हुआ फिर उसने उसी कहानी को दूसरे अंदाज़ में सुनाया। पाई उस उपन्यासकार से पूछता है उसे कौन सी स्टोरी अच्छी लगी तो उपन्यासकार कहता है टाइगर के साथ वाली। 
इरफ़ान ने इस फ़िल्म में एक अच्छे किस्सागो की भूमिका निभाई है जो अपनी दास्तां उस उपन्यासकार को सुनाते हैं और अंत में उनकी आंखें भर आती हैं क्यूंकि वो अपने बचपन की मोहब्बत, माता पिता यहां तक कि रिचर्ड पार्कर को भी गुड बाय नहीं बोल पाते उनका शुक्रिया अदा नहीं कर पाते। इरफ़ान के डायलॉग्स, उनके एक्सप्रेशन उनकी कहानी सुनने की ललक को और बढ़ाते हैं। सूरज शर्मा ने ज़बरदस्त अभिनय किया है और इसके लिए सिनेमा जगत में उनके काम की खूब तारीफ हुई। उनके ऑडिशन का किस्सा भी ज़बरदस्त है। दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफेंस कॉलज के पढ़े सूरज शर्मा को इस फ़िल्म में लीड किरदार निभाने के लिए ऑडिशन के कई राउंड देने पड़े और वो तीन हज़ार लोगों को पीछे छोड़ कर इस रोल के लिए चुने गए और इस फ़िल्म से खूब नाम कमाया। टाइगर जैसे खुंखार जानवर से पाई कैसे धीरे धीरे दोस्ती कर लेता है, ख़ुद को और रिचर्ड को ज़िंदा रखने के लिए कितनी जद्दोजहत करता है ये देखने लायक है। कैमरा वर्क, किरदारों का अभिनय, फ़िल्म का निर्देशन, बैकग्राउंड स्कोर, एडिटिंग सब मिलकर फ़िल्म #Lifeofpi को एक अविस्मरणीय फ़िल्म बनाते हैं।

Thursday, May 14, 2020

फ़िल्म #Hindimedium की समीक्षा

फ़िल्म #Hindimedium की समीक्षा (यादों में इरफ़ान सीरीज...12)

आज (14/05/2020) यादों में इरफ़ान सीरीज के तहत इरफ़ान खान अभिनीत #Hindimedium देखी। इरफ़ान खान की बेहतरीन फ़िल्मों में से एक हिंदी मीडियम को भी माना जा सकता है। 2017 में रिलीज़ हुई साकेत चौधरी द्वारा निर्देशित हिंदी मीडियम ज़बरदस्त हिट रही। जिन्होंने ने भी इरफ़ान खान की हिंदी मीडियम और अंग्रेज़ी मीडियम दोनों फिल्में देखी होंगी उनको शायद मेरी ही तरह हिंदी मीडियम अंग्रेज़ी मीडियम के मुक़ाबले ज़्यादा सशक्त और प्रभावी लगी होगी। हिंदी मीडियम की स्टोरी लाइन, फ़िल्म का मैसेज, डायलॉग्स ज़्यादा बेहतरीन हैं और वो चांदनी चौक का राज बत्रा (इरफ़ान खान) दिल के किसी कोने में अपनी परमानेंट जगह बना लेता है। ये फ़िल्म दो बड़े संदेश देती है पहला हमारे यहां अंग्रेज़ी महज़ एक भाषा नहीं बल्कि एक क्लास है और उस क्लास के सो कॉल्ड हाइली सोफेस्टिकैटेड लोगों  के बीच अपनी जगह बनाने के लिए  अंग्रेजी सीखना अनिवार्य है वरना आप पीछे छूट जाएंगे। फ़िल्म का दूसरा संदेश ये है कि बड़े बड़े नामी गिरामी निजी स्कूलों द्वारा शिक्षा के अधिकार के कानून का खुले आम जिस ढंग से माखौल उड़ाया जा रहा है, गरीबों के बच्चों को मिलने वाली सीटों का किस तरह से सौदा किया जाता है, कितने ऑर्गनाइज्ड ढंग से ये सारा खेल चलता है इस बात को बड़े ही बेहतरीन ढंग से इस फ़िल्म में दिखाने की कोशिश की गई है। एक और संदेश बरबस अपनी ओर हमारा ध्यान आकर्षित करता है वो यह है कि  गरीबों का दिल दरिया होता है, वो पैसों से अमीर हो ना हों पर दिल से अमीर होते हैं, दूसरों का हक मारना, दिखावे और मतलब के लिए किसी से जुड़ना उन्हें नहीं आता, मेहनत उनकी सबसे बड़ी ताकत है, वो पर पीड़ा से द्रवित होते है, दूसरों का दुख भी उसे अपना दुःख मालूम पड़ता है और लाख दुखों, तकलीफों और अभावों में भी वो स्वार्थी नहीं बन पाते और ज़िन्दगी की तमाम उठापटक के बीच भी वो खुशी के चंद लम्हे अपने और अपनों के लिए ढूंढ़ ही लेते हैं। 
फ़िल्म की कहानी बड़ी ही साधारण सी है लेकिन उसका ट्रीटमेंट ज़बरदस्त है। फ़िल्म की कहानी कुछ यूं है कि राज बत्रा ( इरफ़ान खान) का अपना कपड़ों का शोरूम है चांदनी चौक में और वो अच्छा खासा कमा लेता है। राज और मीता की एक बेटी है पिया जिसका एडमिशन मीता दिल्ली के सबसे बेहतरीन स्कूल में कराना चाहती है। आज कल अच्छे स्कूलों में बच्चों का दाखिला कितनी टेढ़ी खीर है ये हम सब अच्छी तरह से जानते हैं और बड़े बड़े शहरों में तो स्कूल में बच्चे के एडमिशन के लिए बच्चे के साथ साथ मां बाप को भी अच्छी खासी ट्रेंनिग दी जाती है ताकि वो इंटरव्यू के समय प्रिंसिपल को प्रभावित और कनविंस कर पाएं। देल्ही ग्रामर स्कूल जो दिल्ली का नंबर वन स्कूल है वो उन्हीं बच्चों को अपने यहां दाखिला देता है जो स्कूल के 2 से 3 किलोमीटर के दायरे में रहते हैं इसके लिए मीता की जिद्द पर राज को सबसे पहले चांदनी चौक का अपना पुश्तैनी घर छोड़कर वसंतकुंज की हाई फाई सोसायटी में शिफ्ट होना पड़ता है, बीवी के आग्रह पर मिट्ठू छोड़ बीवी को हनी बुलाना पड़ता है, अमीरों की तरह चोचले करने की प्रैक्टिस करनी पड़ती है, कंसल्टेंट से एटिकेट्स, ड्रेसिंग सेंस, अंग्रेज़ी बोलने की ट्रेनिंग लेनी पड़ती है पर इतने पापड़ बेलने के बाद भी पिया का एडमिशन उस स्कूल में नहीं हो पाता तो मीता का दिल टूट जाता है। मीता के चेहरे पर खुशी लाने के लिए राज हर संभव कोशिश करता है पर अंत में गरीबी के कोटे से बच्ची के एडमिशन के अलावा उसे कोई और रास्ता नहीं सूझता। फ़िल्म में एक बहुत ही बड़ा कटाक्ष है कि हमारे देश में पैसों के दम पर कुछ भी किया जा सकता है, कोई भी फर्जी दस्तावेज़ बनवाए जा सकते हैं और फर्जी दस्तावेज़ बनवाकर राज पिया का एडमिशन देल्ही ग्रामर स्कूल में कराने में सफल हो जाता है तभी अचानक उसे खबरिया चैनलों से पता चलता है कि शिक्षा के कानून में हो रही धांधली का पता लगाने के लिए गरीबी कोटा से आए आवेदनों की मौके पर जाकर जांच की जाएगी कि वो लोग वहां रहते भी हैं या नहीं। ये खबर सुनते ही मीता और राज को गरीबों की बस्ती भरत नगर में रातो रात शिफ्ट होना पड़ता है। गरीब बस्ती के लोगों की अपनी समस्याएं हैं  पानी, बिजली, राशन, घर से नौकरी के लिए धक्कों भरा सफ़र, काम में छोटी सी चूक होने पर पगार कटने की पीड़ा और ना जाने क्या क्या। इन सभी समस्याओं से मीता और राज को भी रोज़ दो चार होना पड़ता है, पर इसी दौरान दोनों को ये एहसास भी होता है कि ज़िंदादिली तो इन लोगों में है। 
फ़िल्म में एक सीन है वो भावुक कर देता है और उस सीन में दीपक डोबरियाल दिल जीत लेते हैं। सीन यूं है कि स्कूल में बच्चों का एडमिशन तो फ्री है पर एक्स्ट्रा कैरिक्युलर एक्टिविटीज के लिए 24 हज़ार रुपए जमा कराने होते हैं तो राज का दोस्त एक गाड़ी के नीचे जान बूझकर आ जाता है ताकि मामला रफ़ा दफा करने से जो पैसे मिले उससे राज पिया की वो फीस भर सके। फ़िल्म अंत तक बांधे रखती है। इरफ़ान का किरदार ज़बरदस्त है, लगता ही नहीं वो चांदनी चौक के नहीं है। मेथड एक्टिंग सीखनी हो तो कलाकार इरफ़ान के किरदारों से सीखें। दीपक और सबा क़मर (मीता) ने भी बहुत अच्छा काम किया है। ऐसी फिल्में मनोरंजन के साथ साथ दृष्टि निर्माण का भी काम करती हैं। साकेत चौधरी को ऐसी बेहतरीन फ़िल्म बनाने के लिए साधुवाद। फ़िल्म अमेजॉन प्राइम पर उपलब्ध है।

Wednesday, May 13, 2020

फ़िल्म #Thegoal की समीक्षा

फ़िल्म #Thegoal की समीक्षा ( यादों में इरफ़ान सीरीज...11) 

आज यादों में इरफ़ान सीरीज के तहत इरफ़ान अभिनीत फिल्म #Thegoal देखी जो चिल्ड्रेन फ़िल्म सोसायटी ऑफ इंडिया के बैनर तले बनी थी। ये फ़िल्म 1999 में रिलीज़ हुई थी और इसका निर्देशन किया था गुल बहार सिंह जी ने। गुल बहार सिंह जी को उम्दा फिल्मों के निर्देशन के लिए छः बार नेशनल फ़िल्म अवॉर्ड से नवाजा जा चुका है। डेढ़ घंटे की #Thegoal भी उनकी बेहतरीन फ़िल्मों में से एक है जिसमें इरफ़ान खान ने एक कोच अनुपम की भूमिका निभाई है। इरफ़ान ने कभी एक ही तरह के किरदार नहीं निभाए बल्कि वो हमेशा अपने अभिनय को परखते रहे उसे और निखारते रहे। अभिनय उनके लिए किसी साधना से कम नहीं था और वो एक योगी की भांति अथक, अनवरत एकाग्रचित हो इस साधना में लीन रहे। वो कभी भी फिल्मों के बड़े बैनर और फिल्मों के आर्थिक जोड़ तोड़ के हिसाब में कभी नहीं पड़े। वो एक विशुद्ध सरल हृदय, सजग और बेबाक अभिनेता थे जो कई किरदारों के रूप में हमारी स्मृतियों में सदैव जीवित रहेंगे। 
फ़िल्म की कहानी कुछ इस तरह है कि अनुपम (इरफ़ान खान) जो बेहतरीन फुटबाल खिलाड़ी थे गहरी चोट के कारण आगे फुटबाल नहीं खेल पाए पर इस खेल से अत्यंत प्रेम होने के कारण वो फुटबाल कोच बन गए। उनके एक मित्र प्रकाश ने अपने क्लब के प्रेसिडेंट बंकिम बाबू के आग्रह पर अनुपम को कलकत्ता से अपने शहर आकर उनके क्लब की बच्चों की टीम बुलेट इलेवन को कोच करने के लिए बुलाया क्यूंकि बंकिम बाबू की हार्दिक इच्छा थी कि भुवन मोहिनी चैलेंज कप के सिल्वर जुबली के उपलक्ष्य पर इस बार ट्रॉफी बुलेट इलेवन ही जीते। इरफ़ान एक ईमानदार कोच की तरह अपनी टीम पर काम शुरू करते हैं, टीम की खामियों पर काम करते हैं और टीम को इस खेल की बारीकियां समझाते हैं। वो बंकिम बाबू से भी साफ साफ कहते हैं कि कोई उनके काम में दखलंदाजी नहीं करेगा, सुझाव दे सकता है पर उस सुझाव को अमल में लाना है या नहीं उसका निर्णय वो खुद लेंगे। बंकिम बाबू को तो बस ट्रॉफी दिखाई देती है बाकी अनुपम क्य और कैसे करना चाहते हैं इससे उनको कोई लेना देना नहीं पर बंकिम बाबू अपने कमिटमेंट के पक्के होते हैं और जो भी कहना होता है साफ साफ कहते हैं। बच्चों की टीम को कोच करने के दौरान अनुपम देखते हैं कि एक गरीब लड़का बड़े ध्यान से अनुपम को कोच करते हुए चुपचाप देखता रहता है और जब फुटबॉल उसके पास पहुंचती है तो वो अच्छा शॉट लगाता है। वो लड़का (मनु) अनुपम से उसे भी टीम में खिलाने के लिए कहता है पर क्यूंकि वो क्लब का मेंबर नहीं होता अनुपम मजबूरीवश उसे टीम में नहीं रख पाते लेकिन उसे प्रैक्टिस पर रोज़ आने को कहते हैं। एक दिन अनुपम मनु को अच्छा खेलने पर बीस रुपए देते हैं और कहते हैं इससे कुछ अच्छा खाने के लिए खरीदना तो मनु बारह रुपए की फुटबॉल खरीदता है और चविंगम और बाकी का बचा पैसा अपनी मां को देने लगता है तो मां उसे डांटने लगती है और पूछती है कि कहीं वो भी तो अपने पिता की तरह कहीं से चोरी करके नहीं लाया? बाप के गुनाहों का साया मनु का पीछा नहीं छोड़ता, सब उसे चोर का बेटा कह कर बुलाते हैं और इसी कारण अच्छा खेलने के बावजूद बुलेट इलेवन के बच्चे मनु को अपनी टीम में रखने के अनुपम के फैसले का पुरजोर विरोध करते हैं और बच्चों के मां बाप भी। अनुपम जानते हैं कि मनु में अपार संभावनाएं हैं और यदि उसको सही मार्गदर्शन मिले तो वह नेशनल फुटबॉल प्लयेर बन सकता है, मनु वो गुदड़ी का लाल है जिसे सही मौका देने की ज़रूरत है।  अनुपम शहर से दूर दराज के इलाकों में कोच करने की हामी ही इसलिए भरते हैं ताकि वो गावों में पल रहे गुदड़ी के लालों की प्रतिभा को निखार सकें और उनके लिए उनसे जो बन सके हर संभव प्रयास करें। जब उनकी टीम के लोग मनु को अपनी टीम में रखने के लिए तैयार नहीं होते तो अनुपम मनु को लेकर अपनी प्रतिद्वंदी टीम के प्रेसिडेंट और कोच तक के पास जाते हैं ताकि उसकी प्रतिभा अभावों में दम ना तोड़ दे। जिस तरह एक शिष्य को अच्छे गुरु की तलाश होती है ठीक उसी तरह एक गुरु भी अच्छे शिष्य की तलाश में होता है ताकि जौहरी की भांति वो उस हीरे को तराश सके। 
फ़िल्म का डायरेक्शन शानदार है। फ़िल्म की शूटिंग बंगाली पृष्टभूमि पर आधारित है। बंकिम बाबू का किरदार भी लाजवाब है। उनके हाव भाव, संवाद अदायगी ज़बरदस्त है। इरफ़ान के बारे में तो जितना कहूं कम ही होगा। उन्हें जो भी किरदार दिया जाता है वो हर किरदार में फिट बैठते हैं। कहीं भी इरफ़ान ये गुंजाइश ही नहीं छोड़ते कि हम उनके एक किरदार में किसी और अभिनेता को उनसे ज़्यादा बेहतर पाएं। फ़िल्म एक सशक्त संदेश देती है कि प्रतिभाओं के पंख होते हैं और वो अपनी मंज़िल खुद ही ढूंढ़ लेती हैं। ये फ़िल्म आपको ज़रूर देखनी चाहिए साथ ही अपने मित्रों को भी सजेस्ट करनी चाहिए। फ़िल्म यूट्यूब पर उपलब्ध है।

Tuesday, May 12, 2020

फ़िल्म #Dday की समीक्षा

फ़िल्म #Dday  की समीक्षा (यादों में इरफ़ान सीरीज...10)

आज (12/05/2020) यादों में इरफ़ान सीरीज के तहत इरफ़ान खान की फिल्म #Dday देखी है जिसमें इरफ़ान के साथ साथ मुख्य भूमिका में हैं ऋषी कपूर, अर्जुन रामपाल और हुमा कुरैशी। 2013 में रिलीज़ हुई #Dday   एक ऐक्शन थ्रिलर फिल्म है जिसका निर्देशन किया है निखिल आडवाणी ने। ये फ़िल्म आधारित है डी कंपनी के ही एक मोस्ट वांटेड अंडर वर्ल्ड माफिया पर जिसको पकड़कर भारत लाने के मिशन का हिस्सा होते हैं रॉ एजेंट वली खान (इरफ़ान खान) जो पिछले नौ सालों से अपने मिशन को अंजाम देने के लिए पाकिस्तान में नाई बनकर पड़े रहते हैं।
वली खान रॉ के एजेंट हैं जिन्हें भारत के इंटेलिजेंस हेड अश्विनी राव के द्वारा गोल्डमैन को भारत लाने के मिशन पर पाकिस्तान भेजा जाता है। वली खान अपने मिशन को अंजाम देने के लिए नौ साल तक गुमनामी के साए में एक नाई बनकर पाकिस्तान में पड़े रहते हैं, इसी दौरान उन्हें नफीसा (श्रीस्वरा) से पाकिस्तान में मोहब्बत हो जाती है और वो नफीसा और अपने पांच वर्षीय बेटे कबीर के साथ अभावों में भी हंसी खुशी जीवन व्यतीत कर रहे होते हैं कि तभी उन्हें मस्ज़िद में नमाज़ अता करते हुए पता चलता है कि इक़बाल सेठ कारांची में अपने बेटे की शादी में शामिल होने के लिए अपनी सुरक्षा प्रोटोकॉल को तोड़ेगा और वही सबसे अच्छा मौका होगा मिशन को अंजाम देने के लिए। वली रॉ के हेड अश्विनी राव को फोन लगाकर इस सूचना की जानकारी देता है। भारत से वली की मदद के लिए दो और एजेंट आते हैं रुद्र प्रताप (अर्जुन रामपाल) और जोया रहमान (हुमा कुरैशी) और एक एजेंट पहले से इकबाल सेठ के यहां तैनात था। चारो अपनी जान की बाजी लगा कर मिशन को अंजाम देते हैं पर मिशन फेल हो जाता है क्यूंकि वली इक़बाल को ज़िंदा गिरफ्त में लेना चाहता था और रुद्र उसे वहीं ढेर कर देना चाहता था। इधर मिशन को अंजाम देने से पहले वली अपने बीवी बच्चे को सुरक्षित लंदन भेज देना चाहता था ताकि उन पर कोई आंच न आए पर खुदा को कुछ और ही मंजूर था यूरोप की सारी फ्लाइट्स किसी आपदा के कारण रद्द हो जाती हैं और कबीर और नफीसा लंदन नहीं जा पाते और पाकिस्तानी सेना के गिरफ्त में आ जाते हैं। क्या वली अपने बीवी बच्चों को बचा पाएगा और खुद ज़िंदा रह रह पाएगा, इक़बाल को ज़िंदा अपने मुल्क भारत को सौंपने का वली का ख़्वाब पूरा होगा पाएगा, इन सारे सवालों के जवाब जानने के लिए आपको ये फ़िल्म देखनी होगी तब ही आपको मज़ा आएगा। 
इस फ़िल्म के ज़रिए उन रॉ या दूसरी खुफिया एजेंसियों के एजेंट के दर्द को भी दिखाया गया है जो अपने देश की खातिर सालों साल दूसरे मुल्क में गुमनामी के साए में जीते रहते हैं अपनी जान की फ़िकर किए बग़ैर पर अगर कहीं मिशन फेल हो जाए तो वहीं खूफिया एजेंसी उन एजेंट्स को पहचानने से मना कर देती हैं और साफ साफ पल्ला झाड़ लेती हैं, उनकी सालों की कुर्बानी ज़ाया हो जाती है, और इस दौरान अगर बीवी बच्चे दुश्मन के हाथों लग गए तो और आफत। सभी कलाकारों ने अच्छा काम किया है। ऋषी कपूर ने इक़बाल के किरदार को प्रभावी ढंग से निभाने की भरसक कोशिश की है, अर्जुन रामपाल के एंग्री यंग मैन वाला किरदार भी अच्छा है। वली के किरदार के विविध आयामों को इरफ़ान खान ने बेहद खूबसूरत ढंग से निभाया हैं। बच्चे और बीवी से ना मिलपाने की कसक, हर वक़्त डर के उस साए में जीने की बेचैनी कि कहीं नफीसा और कबीर को कुछ हो ना जाए इन सभी भावों को इरफ़ान ने बड़े ही सादगी से निभाया है। सचमुच इरफ़ान अभिनय के लिए ही बने थे।

Saturday, May 9, 2020

फ़िल्म #Thenamesake की समीक्षा

फ़िल्म #Thenamesake की समीक्षा (यादों में इरफ़ान सीरीज...09)
यादों में इरफ़ान सीरीज के तहत आज (08/05/2020) इरफ़ान खान, तब्बू, काल पेन अभिनीत मीरा नायर की क्लासिक फ़िल्म #Thenamesake देखी। झुंपा लाहिड़ी के नॉवेल #Thenamesake के साथ मीरा नायर ने यकीनन न्याय किया है इसमें कोई दो राय नहीं है। 2006 में रिलीज़ हुई ये फ़िल्म अंग्रेज़ी ड्रामा फ़िल्म है जिसमें इरफ़ान और तब्बू को एक कपल के रूप में साथ देखना किसी ट्रीट से कम नहीं। दोनों ने अपने अपने किरदार को बख़ूबी जिया है। वो कहीं भी अभिनय करते नजर नहीं आते बल्कि किरदार की काया में डूबे नज़र आते हैं। दोनों ही बंगाल से नहीं हैं पर उनकी संवाद अदायगी से महसूस नहीं होता कि एक का नाता राजस्थान की माटी से है तो दूसरे का तालुक हैदराबाद से। इस फिल्म के ज़रिए दो पीढ़ियों के बीच के अंतर को बड़ी ही बारीकी से संजीदगी के साथ करीने से उठाया गया है। एक पीढ़ी अशोक (इरफ़ान खान) और आशिमा (तब्बू) की है जो हिंदुस्तान के कलकत्ता से अमेरिका पलायन करते हैं अपने और अपने आने वाले बच्चों के सुनहरे भविष्य के ख़्वाब संजोए और दूसरी पीढ़ी आशिमा और अशोक गांगुली के बच्चों गोगोल (काल पेन) और सोनिया (साहिरा नायर) की है जो अमेरिका में ही जन्मे और बड़े हुए हैं। पहली पीढ़ी की परवरिश में हिंदुस्तान के संस्कार झलकते हैं तो दूसरी पीढ़ी की परवरिश में अमरीकी परिवेश की स्वच्छंदता जहां बच्चे सोलह साल की उम्र तक आते आते अपनी ज़िन्दगी के फैसले ख़ुद लेने लग जाते हैं। तब्बू एक सीन में अपने बेटे से नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए कहती है "डोंट कॉल अस गाइज" हम तुम्हारे मां बाबा हैं। 
फ़िल्म की कहानी कुछ यूं है कि अशोक गांगुली जो कि पेशे से प्रोफेसर हैं अपनी पत्नी आशिमा के साथ कलकत्ता से अमेरिका की ओर पलायन बेहतर भविष्य का सपना संजोए करते हैं। आशिमा यहां अपने घर परिवार और परिवेश को बहुत मिस करती है पर ये सोचकर मन मार लेती है कि बच्चों के लिए यहां ज़्यादा संभावनाएं हैं, बेहतर भविष्य है, कैरियर की असीम उचाईयां हैं और ज़िम्मेदार मां बाप होने के नाते हमारा ये फ़र्ज़ है कि हम अपने बच्चों के बारे में सोचें अपने बारे में नहीं। जब अशोक और आशिमा का बेटा होता है तो अशोक उसका नाम अपने चहेते रशियन उपन्यासकार निकोलाई गोगोल के नाम पर अस्थाई तौर पर गोगोल रखता है क्यूंकि अमेरिका में बच्चे के नामकरण के बिना जच्चा बच्चा को अस्पताल से छुट्टी नहीं मिलती। गोगोल का यही नाम आगे भी चलता रहता है। जब वो बड़ा होता है उसके संगी साथी गौग़ल कह कर चिढ़ाते है वो अपना नाम बदलना चाहता है, अपने पिता से कहता है गोगोल आपके फेवरेट ऑथर होंगे मेरे नहीं, मुझे ये नाम नहीं चाहिए।  इरफ़ान बड़े ही प्यार से बेटे को उसके नाम की वजह बताता है यहां तक कि उसके जन्म दिन पर उसे निकोलाई गोगोल की किताब भी पढ़ने को देता है। उस वक़्त गोगोल को पिता की बातें समझ में नहीं आती और जब आती हैं तब तक उसके पिता इस दुनिया से कूच कर गए होते हैं। पिता के जाने के बाद बेटे को उनके ना होने का एहसास होता है, वो अपनी अमेरिकन गर्लफ्रेंड को छोड़ कर एक बंगाली लड़की से शादी करता है। ये फ़िल्म एक तरह से एक बेटे के अपने घर, अपनी जड़ों की ओर लौटने की कहानी है। इस फ़िल्म के ज़रिए डायरेक्टर ने ये भ्रांति भी तोड़ने की भी कोशिश की है कि ज़रूरी नहीं आप अपने समाज के ही लड़के या लड़की से शादी करें तो ही ज़िन्दगी बेहतर होगी। शादी के लिए दो इंसानों का आपसी ताल मेल ज़रूरी है। गोगोल के किरदार को काल पेन ने भी बड़े ही प्रभावशाली ढंग से निभाया है। इरफ़ान और तब्बू के साथ साथ गोगोल यानि काल पेन की छवि भी अब तक मेरी आंखों में है। ये फ़िल्म बेहतरीन फ़िल्मों में से एक है जिसे आपको मिस नहीं करना चाहिए। इस फ़िल्म को अपनी व्यू लिस्ट में आप सबसे ऊपर रख सकते हैं। इरफ़ान के दुनियां छोड़कर जाने वाला सीन और उसके बाद तब्बू और गोगोल की ज़िन्दगी में आने वाला बदलाव बड़ा ही मार्मिक है।