Thursday, May 7, 2020

फ़िल्म #Deadline की समीक्षा

फ़िल्म #Deadline की समीक्षा (यादों में इरफ़ान सीरीज...08) 

 आज (07/05/2020) यादों में इरफ़ान सीरीज के तहत  इरफ़ान खान और कोंकणा सेन शर्मा अभिनीत फ़िल्म #Deadline देखी जो लगभग पौने दो घंटे की फ़िल्म है जिसे इश्क़, मदहोशी, मिले ना मिले हम जैसी फ़िल्म के स्क्रीन प्ले लेखन या निर्देशन कर चुके तनवीर खान ने निर्देशित की थी। यह फ़िल्म 2006 में रिलीज़ हुई थी। फ़िल्म का कॉन्सेप्ट अच्छा है क्यूंकि ये फ़िल्म अंग्रेज़ी फ़िल्म ट्रप्ड का  बॉलीवुड एडपटेशन है जो ग्रेग इल्स के उपन्यास 24 ऑवर्स पर आधारित थी। पर फ़िल्म बॉक्स ऑफिस पर चल नहीं पाई। फ़िल्म एक बच्ची के अपहरण की कहानी है। 
हार्ट सर्जन डॉक्टर वीरेन गोयनका, उनकी पत्नी संजना और आठ नौ वर्षीय बेटी अनिष्का की ज़िन्दगी अच्छी चल रही थी। कुछ ही समय में डॉक्टर साहब का खुद का बहुत बड़ा हार्ट का हॉस्पिटल तैयार होने जा रहा था, मेडिकल एसोसिएशन के द्वारा बड़े अवॉर्ड से उन्हें नवाजा जाना था कि तब ही अचानक उनकी ज़िन्दगी में भूचाल आता है और कुछ ही पलों में सब कुछ बदल जाता है। इधर डॉक्टर साहब अवॉर्ड के लिए दूसरे शहर आते हैं और उधर उनकी इकलौती बेटी का घर के भीतर से अपहरण हो जाता है। अपहरणकर्ता फिरौती में बड़ी रकम मांगता है और मांग बढ़ाता ही जाता है। तीन लोगों की गैंग में से एक व्यक्ति डॉक्टर के पास, एक उसकी पत्नि के पास और तीसरा बेटी के पास होता है जो हर आधे घण्टे में एक दूसरे से स्थिति का जायज़ा लेते रहते हैं। डॉक्टर की बच्ची अस्थमा की मरीज़ होती है जिसे हर चार घंटे में दवा की ज़रूरत होती है और उसे धूल, धुएं  से एलर्जी होती है। इरफ़ान खान ने इस फ़िल्म में अपहरणकर्ता (कृश वैद्य) का किरदार निभाया है। अपहरणकर्ता होने के बावजूद इरफ़ान के भीतर कहीं एक बाप बैठा होता है जो जैसे ही यह सुनता है कि बच्ची को अस्थमा है तुरंत अपने साथी को फोन करता है और बच्ची को धूल, धुएं से बचाने को कहता है, अपने साथी को हिदायत देता है कि वो उसके सामने सिगरेट ना पिए इतना ही नहीं जब संजना बच्ची के गम में कुछ नहीं खाती पीती तो उसे उसकी भी चिंता होती है। वो संजना को बच्ची की ज़रूरी दवाइयों और इन्हेलर के साथ बच्ची के पास भी ले जाता है। बेटी को खो देने का डर क्या और कैसा होता है उस एहसास को वीरेन गोयनका (रजित कपूर) ने भी बखूबी निभाया है। कोंकणा भी उम्दा अभिनेत्री हैं, संजना के किरदार को बेहतरीन ढंग से निभाने में सफल रही है। कृष वैद्य संजना और वीरेन को डराने के लिए ये ज़रूर कहता है कि वो पेशेवर अपहरणकर्ता है पर होता नहीं है। वो क्यूं ऐसा करता है, पैसों की ज़रूरत होने के कारण या डॉक्टर से कोई बदला  लेने के लिए, इन सारे सवालों के जवाब फ़िल्म देखते हुए आपको मिल जाएंगे। फ़िल्म एक पॉजिटिव नोट पर ख़तम होती है और एक बड़ा संदेश देती है कि डॉक्टर और व्यापारियों में फर्क है और अगर ज़िन्दगी देने वाला ही ज़िन्दगी छिन जाने की वजह बन जाए तो लोग डॉक्टर को धरती पर भगवान मानना बन्द कर देंगे। 
 ज़ाकिर हुसैन ने इरफ़ान के साथी कबीर के किरदार में दिल छू लिया है। जब वो लोग अन्नी का अपहरण कर रहे थे तो कबीर साथ में उसकी डॉल भी ले लेता है ताकि बच्ची उससे खेलती रहे उसे ज़्यादा तकलीफ ना हो और आखिर में वही उस बच्ची का बेस्ट फ्रेंड बन जाता है। ये फ़िल्म एक बार देखी जा सकती है और यू ट्यूब पर उपलब्ध है।

Wednesday, May 6, 2020

फ़िल्म #तलवार की समीक्षा (यादों में इरफ़ान सीरीज...07)

फ़िल्म #Talvar की समीक्षा (यादों में इरफ़ान सीरीज...07)

कल रात (06/05/2020) यादों में इरफ़ान सीरीज के तहत इरफ़ान अभिनीत फिल्म #Talvar देखी जिसे निर्देशित किया है मेघना गुलज़ार ने। ये फ़िल्म 2008 में हुए आरुषि हत्या कांड डबल मर्डर केस पर आधारित है। फ़िल्म का निर्देशन,पटकथा, सभी किरदारों का अभिनय, गीत और संगीत सभी उम्दा हैं। 2015 में रिलीज़ हुई इस फिल्म को बेस्ट स्क्रीन प्ले के लिए नेशनल फ़िल्म अवॉर्ड भी मिल चुका है साथ ही बेस्ट एडिटिंग के लिए फ़िल्म फेयर अवॉर्ड भी। हालाकि फ़िल्म ने अपनी लागत से ज़्यादा कमा लिया लेकिन अफसोस गहन मुद्दे पर बनी तलवार जैसी फिल्में बहुत अच्छी कमाई नहीं कर पाती। यद्यपि इसके कई कारण है जैसे फ़िल्म की डिस्ट्रीब्यूटरशिप, फ़िल्म एक साथ कितने मल्टीप्लेक्स में लगी, फ़िल्म की प्रोमोशनल स्ट्रैटजी क्या थी आदि आदि पर इन सबके साथ एक और अहम बात है कि हम बतौर दर्शक ऐसी फिल्मों को देखने के लिए खुद कितने सजग हैं, क्या हम चलताऊ मनोरंजन के आदी हो चुके हैं जहां जब तक शीला की जवानी के जलवे ना बिखरे या जब तक कोई मुन्नी बदनाम ना हो, इश्क़ का मंजन ना घिसा जाए तब तक पैसा वसूल वाली फीलिंग्स ही नहीं आती। बतौर दर्शक हमारे पास बहुत बड़ी ताकत है और हमें इस ताकत का इल्म होना चाहिए ताकि हम बेहतरीन सिनेमा देखने के अधिकारी बने। ये फ़िल्म कई पूर्वाग्रहों को ध्वस्त करती है और हमें चीज़ों को नए एंगल से सोचने के लिए मजबूर करती है। तलवार में इस बात को भी बड़े करीने से उठाया गया है कि जब हम सिस्टम के आगे झुकते ही चले जाते हैं तो एक दिन ऐसा आता है कि रीढ़ की हड्डी ही गायब हो जाती है, यस सर यस सर करते करते सर जी के ग़लत होने पर भी मुंह से नो नहीं निकल पाता और जो सिस्टम की नहीं अपनी अंतरात्मा की सुनते हैं सिस्टम या तो उन्हें डाइजेस्ट नहीं कर पाता और आरोप पत्यारोप की राजनीति करके उसे सिस्टम से बाहर निकाल फेंकता है या फिर उसके आगे स्वयं नतमस्तक हो जाता है हालाकि पहली स्थिति की संभावना के आसार ज़्यादा है क्यूंकि सिस्टम में रहने वाले  ज़्यादातर लोगों की रीढ़ की हड्डी गायब हो जाती है। सबूतों को तोड़ने मरोड़ने, गवाहों के साथ किए जाने वाले खिलवाड़ की बानगी है ये फ़िल्म। 
फ़िल्म की कहानी तेरह वर्षीय आरुषि तलवार डबल मर्डर केस पर आधारित है जो 2008 में हुआ था। फ़िल्म में श्रुति के साथ साथ उसके घर में काम करने वाले अधेड़ उम्र के खेम्पाल का भी मर्डर हो जाता है। शक की सुइयां टंडन दंपत्ति पर जा रही थीं। पुलिस ने तो श्रुति के खेंपाल से अवैध संबंध बताकर इसे ऑनर किलिंग का मामला बता केस को क्लोज़ करना चाहा पर दबाव के चलते ये केस सीडीआई के ज्वाइंट डायरेक्टर अश्विन कुमार (इरफ़ान खान) को हैंडल करने के लिए दिया जाता है। ये केस जब अश्विन कुमार को मिला तब तक कई सबूतों का आपस में घाल मेल हो चुका था लेकिन फ़िर भी अपने तज़ुर्बे के आधार पर अश्विन केस का रुख ही मोड़ देते हैं वो जुटाए गए सबूतों और शक की बिनाह पर किए गए नार्को टेस्ट से इस नतीजे पर पहुंचते हैं कि टंडन दंपत्ति बेगुनाह हैं, मर्डर किसी और ने ही किया है। अश्विन को गुनहगार के घर से खेमपाल के खून के छीटों वाला तकिए का कवर भी बरामद होता है साथ ही एक नौकर गवाही देने के लिए भी तैयार हो जाता है कि तभी कहानी में ट्विस्ट आता है। जिस ऑफिसर के अंडर में अश्विन इस केस को हैंडल कर रहे थे उनका रिटायरमेंट हो जाता है और उनकी जगह आया नया अफसर पूरा का पूरा केस ही बदल देता है और अश्विन कुमार को इस केस से निकाल नई टीम बनाता है। नई टीम केस को अपने तरीके से हैंडल करती है पर इन सबका नतीजा ये होता है कि कोई फाइनल डिसीजन ना हो पाने के कारण चार्जशीट दाखिल नहीं हो पाती और केस मिस्ट्री बनकर रह जाता है। 
इरफ़ान ने हमेशा की तरह इस फिल्म में सीडीआई के ऑफिसर की भूमिका को भी लाजवाब ढंग से निभाया, केस में उनका डूबते जाना, कहीं सख्ती तो कहीं नर्मी से पेश आना, भिगोकर तर्क के साथ सामने वाले को बड़े प्यार से मारना, उनका हर एक एक्सप्रेशन और संवाद बेहद प्रभावशाली लगता है। रमेश टंडन और नूपुर टंडन के किरदार को नीरज काबी और कोकना सेन शर्मा ने भी बख़ूबी निभाया है। इस फ़िल्म का एक डायलॉग मुझे बहुत अच्छा लगा कि: सबूत और सजा जच्चा बच्चा की तरह होते हैं, जितनी मज़बूत जच्चा उतनी पक्की सज़ा। सबूत के साथ की गई छेड़खानी सज़ा को कमज़ोर कर देती है और कई बार तो गुनहगार बाहर और बेगुनाह सलाखों के पीछे होता है। लाजवाब फ़िल्म है, ना देखी हो तो वक़्त निकाल कर ज़रूर देखिएगा। ये फ़िल्म आपको डिज़्नी हॉट स्टार पर मिल जाएगी।

Tuesday, May 5, 2020

फ़िल्म #Haasil की समीक्षा (यादों में इरफ़ान सीरीज...05)

फ़िल्म #Haasil की समीक्षा (यादों में इरफ़ान सीरीज...05)

 आज (03/05/2020) यादों में इरफ़ान सीरीज के तहत इरफ़ान की फिल्म #Haasil देखी जो 2003 में रिलीज़ हुई थी। तिग्मांशु धूलिया निर्देशित #Haasil ही वो फ़िल्म है जिसने बतौर ऐक्टर इरफ़ान को पहचान दिलाई और इस फ़िल्म के लिए उन्हें बेस्ट नेगेटिव किरदार निभाने के लिए फ़िल्म फेयर अवॉर्ड भी मिला था। कहते हैं तिग्मांशु और इरफ़ान एनएसडी टाइम से एक दूसरे के अच्छे दोस्त थे और अपना दोस्ताना तिग्मांशु ने इरफ़ान के अंतिम सफ़र तक निभाया, इरफ़ान का जनाजा तिग्मांशु के कांधे पर ही गया, आज के समय में ऐसी दोस्ती कम ही देखने को मिलती है। इरफ़ान और तिग्मांशु की ये जोड़ी पान सिंह तोमर में भी देखने को मिली।
हासिल फ़िल्म की कहानी इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स पॉलिटिक्स पर आधारित है जिसमें दो गुटों के बीच पिसती है एक कपल की मोहब्बत भी। रणविजय (इरफ़ान खान) और गौरीशंकर (आशुतोष राणा) दो अलग अलग गुटों के छात्र नेता है और दोनों के बीच छत्तीस का आंकड़ा होता है। इधर यूनिवर्सिटी में सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा होता है और उधर गोली चलने की आवाज़ आती है, गौरीशंकर वीसी को आश्वस्त करता है कि वो परेशान ना हों वो जाकर देखता है कि आखिर मामला क्या है? जाकर देखने पर पता चलता है कि रणविजय और इसके गुट के लोगों के बीच लड़ाई झगड़ा चल रहा है। रणविजय पिछड़े वर्ग के छात्रों का प्रतिनिधित्व करता है और यूनिवर्सिटी में लॉ का स्टूडेंट है, गौरीशंकर यूनिवर्सिटी का पूर्व छात्र है पर उसका भाई बद्रीनाथ पांडेय युनिवर्सटी में ही पढ़ता है। यूनिवर्सिटी में छात्र संघ का चुनाव होने वाला होता है एक तरफ बद्रीनाथ छात्र नेता के प्रत्याशी के रूप में है तो दूसरी तरफ रणविजय है। गौरीशंकर को विधानसभा का चुनाव लडना है इसलिए वो रणविजय से पंगा लेकर अपनी इमेज खराब नहीं करना चाहता पर जब रणविजय उसके खास आदमी को मार देता है तो बदला लेने के लिए वो रणविजय के गांव के कई लोगों को मरवा देता है, इस बात का बदला रणविजय गौरीशंकर को गोली मारकर लेता है और दूसरी तरफ वो छात्र संघ के अध्यक्ष के रूप में भी चुना जाता है। साथ ही पैरलल एक और कहानी चलती है अनिरुद्ध (जिमी शेरगिल) और निहारिका (ऋषिता भट्ट) की प्रेम कहानी। अनिरुद्ध जाने अनजाने रणविजय के संपर्क में आता है और धीरे धीरे उसके ट्रैप में फंसता जाता है। रणविजय अनिरुद्ध का भरोसा जीतता है, वो निहारिका से मिल सके उसकी व्यवस्था करता है पर धीरे धीरे रणविजय भी निहारिका से प्रेम करने लगता है और उसे पाने के लिए वो अनिरुद्ध को उससे दूर करने की पूरी रणनीति बनता है। क्या रणविजय को निहारिका हासिल होगी, क्या वो अपने मकसद में कामयाब हो पाएगा जानने के लिए फ़िल्म देखिएगा ज़रूर। 
इरफ़ान ने नेगेटिव कैरेक्टर को बख़ूबी निभाया है। इस फ़िल्म में अपने किरदार में इलाहाबादी टच लाने के लिए इरफ़ान सात आठ दिन जाकर इलाहाबाद रहे, लोगों से बातचीत की, इलाहाबादी टोन को पकड़ने की कोशिश की और यकीन मानिए ऐसा लगता ही नहीं कि इरफ़ान इलाहाबाद से नहीं बल्कि राजस्थान से हैं। इरफ़ान मेथड एक्टिंग को बख़ूबी निभाने वाले उम्दा अभिनेता थे। जिमी शेरगिल और आशुतोष राणा का किरदार भी अच्छा है पर सब पर भारी इरफ़ान ही पड़ते हैं। उनकी व्यंगात्मक हंसी, चेहरे के एक्सप्रेशंस, बातें करती आंखें उनके किरदार को ज़बरदस्त बनाती है।

फ़िल्म #SalaamBombay की समीक्षा (यादों में इरफ़ान...06)

फ़िल्म #SalaamBombay की समीक्षा (यादों में इरफ़ान सीरीज...06)

 आज (05/05/2020) यादों में इरफ़ान सीरीज के तहत  मीरा नायर निर्देशित, 1988 में रिलीज़ हुई फ़िल्म #SalaamBombay फ़िल्म देखी। इस फिल्म से ही इरफ़ान खान को बॉलीवुड में ब्रेक मिला, उस वक़्त इरफ़ान एनएसडी (राष्ट्रीय नाट्यविद्यालय) के छात्र थे। हालाकि इस फ़िल्म में उनका रोल बहुत ही छोटा है, वो एक चिट्ठी लिखने वाले होते हैं और आप उन्हें उस वक़्त नोटिस कर सकते हैं जब चाय पाव यानि कृष्णा (शफीक सैय्यद) इरफ़ान से अपनी मां के लिए चिट्ठी लिखवाने आता है। मीरा नायर की ये फ़िल्म बॉम्बे के फुटपाथ और तंग गलियों में ज़िन्दगी बसर करने वाले गली के बच्चों पर आधारित है। ये कहानी उन ख्वाबों के टूटने की कहानी है जो कृष्णा, चिलम, मंजू, मंजू की मां और सोलह साल सभी की आंखों में पलते हैं। एक बेहतर ज़िन्दगी जीने की आस में तिल तिल रोज़ मरते ख़्वाब की कहानी सलाम बॉम्बे। 

कहानी के केंद्र में है ग्यारह बारह साल का कृष्णा जो इस उम्मीद में बॉम्बे आ गया कि जिस दिन उसके पास पांच सौ रुपए इकट्ठे हो जाएंगे वो अपने मुल्क अपनी मां के पास लौट जाएगा क्यूंकि उसने गुस्से में अपने भाई की मोटरबाइक तोड़ दी थी तो मां ने कहा था अब घर वापस तब ही आना जब 500 रुपए हो मोटरबाइक सुधरवाने के लिए और वो पांच सौ रुपए वो लाख मेहनत करने के बाद भी नहीं जोड़ पाता। वो पांच सौ रुपए कमाने के लिए एक सर्कस में काम करता है, सर्कस के मास्टर के लिए पान मसाला लेने जाता है और वापस आकर देखता है तो सर्कस कंपनी वहां नहीं होती, कृष्णा जैसे तैसे बॉम्बे पहुंचता है, वहां एक चाय पाव की दुकान में काम करने लगता है और सभी उसे चाय पाव कहकर बुलाने लगते हैं, कोई उसे कृष्णा कहकर नहीं बुलाता, ये शहर उससे उसकी पहचान ही छीन लेता है, बड़ी मुश्किल से अपनी उम्र से दुगुनी उम्र का एक दोस्त चिलम (रघुवीर यादव)) मिलता है पर ऊपर वाला वह दोस्त भी उससे छीन लेता है। कृष्णा अपने मुल्क जाने की उम्मीद लिए चाय पाव की दुकान से नौकरी छूट जाने के बाद कई तरह के काम करता है: बूचड़ खाने की दुकान पर, शादी पार्टियों में वेटर का काम, छोटी मोटी लूट खसोट भी पर बॉम्बे की गलियों में रहने वाले दूसरे बच्चों की तरह वो नहीं हो पाया था, उसमें संवेदना और दूसरों के लिए दया अब भी बाकी थी तब ही वो चिलम को पैसे देने से मना नहीं कर पाता, सोलह साल के लिए मंजू के हाथों बिस्कुट का पैकेट भेजता है, चिलम जब बहुत थक हार जाता है तो चाय पाव मालिक से एक चाय चिलम के लिए भी मांगता है। जिस रेड लाइट एरिया में कृष्णा चाय देने जाता था वहां एक लगभग सोलह साल की नई लड़की को लाया गया था, वो रोती बिलखती रहती है और वैश्यावृत्ति के लिए तैयार नहीं होती। कृष्णा को उस पर दया आती है और धीरे धीरे वो उस सोलह साल की तरफ आकर्षित होने लगता है पर उस सोलह साल को बाबा (नाना पाटेकर) अपने प्रेम जाल में फांस लेता है और उसे उस कोठे से निकाल बेहतर ज़िन्दगी देने का वादा करता है। वो भोली लड़की ये नहीं जानती की उसे काबू में लाने के लिए कोठेवाली बाई ने बाबा को उसे प्रेम से हैंडल करने के लिए बोला था और उसके लिए बाबा को एक हज़ार रुपए मिलने थे। कृष्णा की निगाहें सोलह साल को सज संवारकर किसी की कार में बैठे कहीं जाते हुए तक रहीं थीं और सोलह साल की आंखें उम्मीद भरी निगाहों से बाबा की ओर देख रहीं थीं पर कोई कुछ नहीं कर पाता और इस तरह एक और ज़िन्दगी झोंक दी जाती है वासना के गर्त में। दूसरी तरफ एक और कहानी है मंजू और मंजू की मां की। मंजू की मां को बाबा ये कहकर कोठे से उठाकर अपने घर लाया था कि अब उसे नर्क की ज़िन्दगी नहीं जीनी पड़ेगी, वो उससे शादी करेगा पर वो कोठे से तो निकल आती है पर मजबूरन कोठा उससे नहीं निकल पाता उसे यहां भी वही करना पड़ता है पैसों के लिए। वेदना से भरी हर कहानी को देखकर बरबस आह निकल पड़ी है। लाजवाब। नहीं देखी तो ज़रूर देखिएगा।

Saturday, May 2, 2020

फ़िल्म #रोग की समीक्षा ( यादों में इरफ़ान सीरीज... 04)

फ़िल्म #Rog की समीक्षा (यादों में इरफ़ान सीरीज...04) 
 
आज (02/05/2020) यादों में इरफ़ान सीरीज के तहत  उनकी फ़िल्म #Rog देखी जो एक रोमांटिक थ्रिलर मूवी है जिसे डायरेक्ट किया है हिमांशु ब्रमहभट्ट ने, लिखा है महेश भट्ट ने और इस फ़िल्म की प्रोड्यूसर हैं पूजा भट्ट। इरफ़ान की यह फ़िल्म 2005 में रिलीज़ हुई थी। रोग एक मर्डर मिस्ट्री है जिसे सुलझाने वाले पुलिस ऑफिसर उदय प्रताप (इरफ़ान खान) को उस मॉडल की तस्वीर से प्यार हो जाता है जिसकी मर्डर मिस्ट्री सुलझाने वो मौकाए वारदात पर उसके घर पहुंचता है। महेश भट्ट की फ़िल्मों की एक खासियत है, उनकी फ़िल्म हिट हो ना हो पर उनके गाने बहुत शानदार होते हैं, इस फ़िल्म के भी तीनों गाने: मैंने दिल से कहा ढूंढ़ लाना खुशी, खूबसूरत है वो इतना, तेरे इस जहां में बेहद खूबसूरत और सिचुएशनल हैं। इरफ़ान की सबसे बड़ी खासियत ये है कि वो एक्टिंग करते हुए कहीं भी दिखाई नहीं देते बल्कि उस किरदार को जीते नज़र आते हैं। इस फ़िल्म में भी आपको इरफ़ान के किरदार से मोहब्बत हो जाएगी, उनकी बेचैनी, आंखों से छलकता दर्द, उस मॉडल की तस्वीर से बेपनाह म मोहब्बत, उससे बाहर ना निकल पाने की बेचैनी, जितना दूर जाने की कोशश करे उतना गहराई में उतरते जाना, रात रात भर सो ना पाना इन सारे भावों को इरफ़ान ने बड़ी ही सहजता से निभाया है। इश्क़ के रोग से ग्रसित वो भी रूहानी इश्क़ के रोग के मारे इरफ़ान की अदायगी देखने लायक है इस फ़िल्म में। इरफ़ान की बोलती आंखें, क़ातिल मुस्कान, सहज, सरल मगर प्रभावशाली संवाद और अभिनय की अदायगी उन्हें श्रेष्ठ कलाकारों की पंक्ति में खड़ा करता है और इसके लिए वो हमेशा याद किए जाएंगे। 
फ़िल्म की कहानी कुछ ऐसी है कि माया सोलोमन (इलेने हमन्न) नाम की एक नामचीन मॉडल का मर्डर हो जाता है  और उस मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने के लिए पुलिस ऑफिसर उदय प्रताप को भेजा जाता है। उदय जब उस मॉडल के घर पहुंचता है तो उसकी सम्मोहक तस्वीर की तरफ खुद ब खुद खिंचा चला जाता है और रही सही कसर उस मॉडल का पत्रकार दोस्त हर्ष (सुहैल खान) पूरी कर देता है माया की तारीफों के पुल बांध कर, ये बताकर कि उसमें एक गज़ब का आकर्षण था। उदय माया की डायरी पढ़ता है और उसमें डूबता चला जाता है। रह रह कर उसे माया का चेहरा याद आता है और वो सोते सोते जाग जाता है, उसकी स्थिति एक पागल दीवाने सी हो जाती है। उदय का दोस्त कहता भी है, तुझे प्यार भी हुआ तो एक मरी हुई लड़की से? माया के मर्डर के लिए शक की सुइयां उसके पत्रकार एवं लेखक दोस्त हर्ष, लवर अली और आंटी श्यामुली पर जाती हैं क्यूंकि माया की कहानी किसी पहेली से कम नहीं थी। हर्ष माया से प्यार करता है, उसे एक साधारण सी लड़की से एक टॉप क्लास मॉडल बनाता है पर माया अली की ओर आकर्षित होने लगती है। अली एक वूमेनायीजर है, नीना नाम की लड़की उससे बेइंतहां मोहब्बत करती है पर अली माया की तरफ आकर्षित होता है साथ ही उसके रिश्ते माया की आंटी श्यामली के साथ भी हैं, हर्ष को माया और अली की नजदीकियां बर्दाश्त नहीं होती। उदय इन्हीं सारी गुत्थियों को सुलझाने की कोशिश करता है कि तब ही अचानक से माया आ जाती है। माया को ज़िंदा देख उदय हक्का बक्का रह जाता है पर फिर उसे समझ आ जाता है कि मरने वाली लड़की कोई और नहीं नीना थी। पर नीना को आखिर किसने मारा और क्यूं? जानने के लिए ये मूवी देखेंगे तो मज़ा आएगा आपको। 
इरफ़ान और सुहैल की ऐक्टिंग के अलावा और किरदारों खासकर लीड एक्ट्रेस ऐक्टिंग के मामले में कमज़ोर नज़र अाई, सारा दारोमदार इस फ़िल्म में इरफ़ान के अभिनय पर टिका था। लीड एक्ट्रेस ओवर एक्सपोज करने के बावजूद अपने किरदार को प्रभावशाली नहीं बना पाई। उस फ़िल्म को आप इरफ़ान के अभिनय को देखने के लिए ज़रूर देख सकते हैं। वो आपको निराश नहीं करेंगे।

फ़िल्म #Nero'sguests की समीक्षा

फ़िल्म #Nero'sguests की समीक्षा 

कल रात मिशन #Sensiblecinema के तहत दीपा भाटिया निर्देशित एक घंटे की डॉक्यूमेंटरी फ़िल्म Nero'sguests देखी जो  विदर्भ के किसानों द्वारा की जाने वाली आत्महत्या की त्रासदी को बयां करती है। इस फ़िल्म को सजेस्ट करने के लिए मित्र ऋत्विक मुखर्जी का आभार। यकीनन एक घंटे की ये डॉक्यूमेंटरी भारतीय अन्नदाताओं की दयनीय दशा के मूल कारणों को जिस ढंग से उठाती है, किसानों पर काम करने वाले द हिन्दू के रूरल अफेयर्स एडिटर पी साईनाथ जिस ओजपूर्ण ढंग से सरकार से दहकते सवाल करते हैं उन्हें सुनकर आला हुक़्मरान की बोलती बंद हो जाती है। ये विडंबना नहीं तो और क्या है कि जो देश साठ प्रतिशत कृषि अर्थव्यवस्था पर निर्भर है उस देश के अन्नदाता आत्महत्या करने के लिए मजबूर हैं। विदर्भ पूर्वी महाराष्ट्र का वो हिस्सा है जहां से 1992 के बाद से आए दिन किसान आत्महत्या कर रहे हैं पर मीडिया ने इस मुद्दे को उठाना ज़रूरी नहीं समझा। भला हो पी साईनाथ जैसे संवेदनशील पत्रकारों का जिन्होंने अपनी लेखनी के ज़रिए देश और सरकार का ध्यान इस ज्वलंत मुद्दे की ओर आकर्षित किया और बताया कि फैशन, बिजनेस, पॉलिटिकल रिपोर्टिंग से इतर रूरल रिपोर्टिंग भी ज़रूरी है क्यूंकि असली भारत आज भी गांवों में बसता है जिसके मुद्दे मैनस्ट्रीम में जगह ही नहीं पाते। बड़े अफसोस की बात है कि जब कोई फैशन वीक मनाया जाता है तो उसे कवर करने के लिए देश के कोने कोने से फैशन पत्रकार इकट्ठा हो जाते हैं और फैशन वीक को ग्रैंड कवरेज मिलता है पर जब देश का कोई अन्नदाता मारता है तो उसे कवर करने के लिए एक भी पत्रकार नहीं आता। सरकारी आंकड़ों के अनुसार विदर्भ के अब तक दो लाख से ज़्यादा किसान अपनी जान गवा चुके हैं। विदर्भ कॉटन की उपज के लिए जाना जाता है पर 1990 के बाद चली उदारीकरण की बयार, सरकार का किसानों के प्रति गैरजिम्मेदार रवैया, खाद बीज का सस्ते दामों पर उपलब्ध ना होना, सिंचाई की सुविधा का ना होना, बिजली की आपूर्ति, उपज का उचित दाम आदि ना मिलने के कारण किसान कर्ज़ में डूबता ही चला जाता है और जब उसे कहीं से भी उम्मीद की किरण नहीं दिखाई देती तो मजबूरन वो आत्महत्या करने के लिए विवश हो जाता है। इस देश का दुर्भाग्य तो देखिए किसानों की मदद के लिए सरकार के पास फंड नहीं होता पर बड़े बड़े बिजनेसमैन को अरबों का कर्ज़, सस्ते दामों पर बिजली और ज़मीन मुहैया कराई जाती है, स्पेशल इकोनोमिक ज़ोन बनाए जाते है ताकि उनका व्यापार खूब फले फूले। खेती को घाटे का सौदा इसलिए साबित किया जा रहा है ताकि आने वाले समय में किसान खेती छोड़ दिहाड़ी मजदूर बन जाए और बड़ी बड़ी कंपनियों को खेत की ज़मीन लीज पर देकर सरकार कॉरपोरेट खेती को बढ़ावा दे सके। शिक्षा, स्वास्थ्य की तरह खेती का भी निजीकरण किया जा सके। पी साईनाथ को सुनना अपने आप में एक अद्भुत अनुभव है। मौका निकालकर इस फ़िल्म को ज़रूर देखिएगा, आत्महत्या करने वाले किसानों के परिवार की आंखों से छलकता दर्द आपको बेचैन कर देगा। नीरो रोम का आखरी शासक था जो बड़ा ही क्रूर था, अपने राजनैतिक फायदे के लिए किसी को भी मरवा देना उसके लिए बड़ी बात नहीं थी। पी साईनाथ जेएनयू के हिस्ट्री के छात्र रहे हैं इसलिए उन्होंने रोम के नीरो का ज़िक्र करते हुए उनके गेस्ट्स के हवाले से विदर्भ में मर रहे किसानों के मुद्दे को बेहद संजीदगी से उठाया है।
दीपा भाटिया वही हैं जिन्होंने तारे जमीं पर, माई नेम इज़ खान, काई पूछे, स्टूडेंट ऑफ द ईयर जैसी फिल्में एडिट की है। दीपा भाटिया स्क्रीन राईटर एवं डायरेक्टर अमोल गुप्ते की पत्नि हैं। इस संवेदनशील मुद्दे को डॉक्यूमेंटरी के ज़रिए उठाने के लिए दीपा को साधुवाद साथ ही पी साईनाथ जी को भी।

Friday, May 1, 2020

फ़िल्म #Maqbool की समीक्षा (यादों में इरफ़ान सीरीज...03)

फ़िल्म #Maqbool की समीक्षा (यादों में इरफ़ान सीरीज...03) 
आज (01/05/2020) मिशन #Sensiblecinema और यादों में इरफ़ान सीरीज के तहत फ़िल्म #मकबूल दोबारा देखी। विशाल भाद्वाज द्वारा निर्देशित, 2003 में रिलीज़ हुई मकबूल "मैकबेथ" का ऐडपटेशन है। फ़िल्म में पंकज कपूर, इरफ़ान खान, ओम पुरी, नसरुद्दीन शाह और तब्बू जैसे दिग्गज कलाकारों ने काम किया है। वैसे तो अंडरवर्ल्ड पर भारतीय सिनेमा में कई फ़िल्में बनी हैं पर मकबूल की बात ही अलग है। शुरू के 10 मिनट तक फ़िल्म समझ में नहीं आती फिर धीरे धीरे एक एक लेयर खुलती जाती है और फ़िल्म की कहानी समझ में आने लगती है और कौतूहल बढ़ता जाता है। फ़िल्म की पटकथा, संवाद, अभिनय और संगीत सब कुछ लाजवाब है। ये फ़िल्म कहानी है अंडरवर्ल्ड के मकबूल (इरफ़ान खान) और उसकी प्रेयसी निम्मा (तब्बू) के अपराधबोध की। कहावत भी है कि बोया पेड़ बबूल का तो आम कहां से होय। हम जो बोते हैं वही काटते हैं। स्वार्थ या किसी मोह के वशीभूत होकर जब हम कोई ग़लत राह पर चल पड़ते हैं तो हमारा ज़मीर बार बार हमें ऐसा ना करने के लिए रोकता टोकता है, हमें सदा देता है पर हम उसे नजरअंदाज कर आगे निकल जाते हैं। पर वक़्त की मार बड़ी ज़ालिम होती है हुज़ूर, कोई रियायत नहीं मिलती, अपने किए का अपराधबोध हर वक़्त हमें सालता रहता है, साए की तरह हमारा पीछा करता रहता है, हमसे जोंक की तरह चिपक जाता है और ऐसा ही होता है मियां मकबूल और निम्मा के साथ भी। 
जहांगीर उर्फ बब्बा जी (पंकज कपूर) जो मुंबई के डॉन के नाम से जाना जाता वो किसी ज़माने में लालजी नाम के डॉन का दाहिना हाथ माना जाता था। लालजी के मारे जाने के बाद जहांगीर उनकी गद्दी पर बैठता है और अंडरवर्ल्ड के सारे काम यहां तक की नेताओं पर कमांड भी वही रखता है। मकबूल (इरफ़ान खान) बचपन से ही बब्बा जी के साथ रहा है उनका वफादार और चहेता होता है। बब्बा जी उम्र दराज होने के बावजूद आशिक़ मिज़ाज के होते हैं, उनकी बेटी की उम्र की लड़की (तब्बू) से निकाह किया और उसके इश्क़ की गिरफ्त में होते हैं पर तब्बू का दिल मकबूल पर आ जाता है और धीरे धीरे वो भी तब्बू को पसंद करने लगता है पर ये डर हर वक़्त उसे सताता है कि अगर बब्बा जी को उन दोनों के बारे में पता चल गया तो क्या होगा पर बेखौफ तब्बू बस किसी भी हाल में मकबूल की हो जाना चाहती है। वो मकबूल को उकसाती है कि वो बब्बा जी को मार दे या फिर उसे मार डाले और तब्बू के इश्क़ के वशीभूत हो मकबूल बब्बा जी को मार देता है और उनकी जगह ले लेता है। यहीं से मकबूल का पतन होना शुरू होता है, वो अपराधबोध की अग्नि में जलता रहता है, हर वक़्त डरा सहम, हर किसी को शक की निगाह से देखता है। यहां तक कि निम्मा के पेट में पलने वाले अपने बच्चे को भी बब्बा जी का बच्चा समझता है। इधर निम्मा को भी लगता है बब्बा जी के खून के धब्बे दीवार पर और छींटे उसके चेहरे पर अब तक हैं, वो अपना मानसिक संतुलन खो बैठती है। मकबूल के सौ दुश्मन तैयार हो जाते हैं। फ़िल्म में मकबूल का किरदार खलनायक का है पर फिर भी मकबूल से नफ़रत नहीं होती, लगता है वो उसके सर पर मंडरा रहे मौत के साए से बस किसी तरह बाहर आ जाए। 
बब्बा जी के किरदार को पंकज कपूर ने ज़बरदस्त तरीके से निभाया है, उनके संवाद, उनकी आंखें और भाव भंगिमा लाजवाब हैं। इस फ़िल्म में उनके अभिनय की खूब सराहना हुई है। तब्बू और इरफ़ान की लुका छिपी वाली मोहब्बत देखते ही बनती है। पुलिस वाले पंडित जी (ओम पुरी) की भविष्यवाणी भी कौतूहल पैदा करती है कि भला अब आगे क्या होने वाला है। इरफ़ान का अभिनय दिल को छूता है। अंत में उनकी आखों से झलकता दर्द देखकर ऐसा लगता है मानो वो ऊपर वाले से अपने गुनाहों की माफी मांग रहा हो। जटिल से जटिल किरदार को बड़ी ही सहजता से निभा लेने गज़ब का हुनर था इरफ़ान में।